निशांत कुमार के प्रथम दरभंगा आगमन पर उमड़ा जनसैलाब, नजरे आलम ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया भव्य स्वागत।
राज रिजॉर्ट में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से एनडीए नेताओं का संवाद, डॉ. घनश्याम राय और सर्वेश कुमार को भारी मतों से जिताने की अपील।
मधुबनी, बिहार।
जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता आदरणीय निशांत कुमार के प्रथम दरभंगा आगमन पर शनिवार को एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सोभन चौक पर हजारों कार्यकर्ताओं ने डीजे, नगाड़े और फूलों की वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गाड़ियों का काफिला मौजूद रहा। इसके बाद एकमी घाट स्थित राज रिजॉर्ट में आयोजित जनसंवाद सभा में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव में दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
निशांत कुमार के दरभंगा आगमन पर जदयू नेता सह ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नजरे आलम ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार, निशांत कुमार और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा की तस्वीरों से सुसज्जित आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट किया। इस अवसर पर नजरे आलम ने निशांत कुमार का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बिहार के विकास तथा जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
एकमी घाट स्थित राज रिजॉर्ट में आयोजित जनसभा की अध्यक्षता दरभंगा ग्रामीण के विधायक सह जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने की। सभा में एनडीए के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी सर्वेश कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं से समर्थन की अपील करना था। दोनों प्रत्याशी एनडीए समर्थित उम्मीदवार हैं।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि निशांत कुमार ने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से दोनों प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार के कार्यों और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से विकास के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए एनडीए प्रत्याशियों का समर्थन करने का आह्वान किया।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी सभा को संबोधित करते हुए दोनों प्रत्याशियों की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिला व्यापक जनसमर्थन नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षक एवं स्नातक मतदाता विधान परिषद चुनाव में भी डॉ. घनश्याम राय और सर्वेश कुमार को भारी मतों से विजयी बनाकर सदन में भेजेंगे। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्षी दलों की राजनीतिक कार्यशैली पर भी कटाक्ष किया।
सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी, विधान परिषद सदस्य भारती मेहता, पूर्व मंत्री सह एमएलसी हरी सहनी, विधायक विनय कुमार चौधरी, विधायक अतीरेक कुमार, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, दिलीप चौधरी समेत एनडीए के विभिन्न घटक दलों के अनेक नेता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। दोनों प्रत्याशियों के निर्वाचित होने से शिक्षकों तथा स्नातक मतदाताओं की समस्याओं को विधान परिषद में मजबूती से उठाने और उनके समाधान की दिशा में प्रयास करने का अवसर मिलेगा। नेताओं ने मतदाताओं से एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर नजरे आलम, कुद्दूस सागर, जकी अहमद, जमीर खान, अशरफ अहमद, हाफिज अबू शहमा, सलाहुद्दीन, शम्स आलम, अबरार अहमद, मेराज आलम गुड्डू, नसर सोभन, तनवीर आलम, डॉ. नाहिद मुश्ताक, माशूक इकबाल, सरफराज, मदन कुमार मंडल, अरुण कुमार, पंकज कुमार, दयानन्द, मुरारी मोहन मिश्रा और प्रदीप जी समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। सभा के माध्यम से एनडीए नेताओं ने दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने और बिहार में विकास की गति को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment